चंद घंटों की बारिश से कालांवली शहर जलमग्न, जन स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल
जिला रिपोर्टर रितेश गर्ग
(सिरसा, हरियाणा):कालांवली ।शहर कालांवली में सोमवार को हुई चंद घंटों की बारिश ने नगर पालिका और जन स्वास्थ्य विभाग की तैयारियों की पोल खोलकर रख दी। कुछ घंटों की तेज बारिश ने ही पूरे शहर को पानी-पानी कर दिया। मुख्य बाजार, रिहायशी कॉलोनियां, सरकारी कार्यालय, और स्कूलों के बाहर तक पानी भर गया, जिससे लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
बारिश के बाद हालात ऐसे हो गए कि कई दुकानों में पानी घुस गया, जिससे व्यापारियों को नुकसान उठाना पड़ा। वहीं पैदल चलने वाले लोग और दोपहिया वाहन चालक कीचड़ और जलभराव से जूझते नजर आए। सबसे बुरी हालत वार्ड नंबर 13 और मुख्य बस स्टैंड क्षेत्र की रही, जहां नालियों की सफाई न होने के कारण पानी की निकासी पूरी तरह ठप हो गई।
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि जन स्वास्थ्य विभाग और नगरपालिका प्रशासन सिर्फ कागज़ों में ही बारिश से निपटने की योजनाएं बनाते हैं, जबकि ज़मीनी हकीकत कुछ और ही होती है। इलाका निवासी सागर शर्मा ने बताया, "हर साल यही हाल होता है। शिकायतें करने के बावजूद कोई सुनवाई नहीं होती। नालियां जाम हैं, पानी निकलने का कोई इंतजाम नहीं है।"
दूसरी ओर, स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों और बुजुर्गों को सबसे ज्यादा परेशानी हुई। जलभराव के कारण कई अभिभावकों ने अपने बच्चों को स्कूल भेजना उचित नहीं समझा। वहीं, स्वास्थ्य संबंधी खतरे भी मंडराने लगे हैं क्योंकि पानी जमा होने से मच्छरों की संख्या बढ़ने लगी है, जिससे डेंगू और मलेरिया जैसे रोग फैलने की आशंका है।
नगरपालिका अधिकारी इस स्थिति को "अचानक आई भारी बारिश" बताकर पल्ला झाड़ते नजर आए, लेकिन शहरवासियों का कहना है कि यह प्राकृतिक नहीं, बल्कि प्रशासन की लापरवाही का नतीजा है। जनता अब यह सवाल कर रही है कि अगर कुछ मिनट भी बारिश होती है तो बाढ़ जैसे हालत बन जाते हैं , तो अभी तो मानसून चल रहा है स्थिति दिन भर दिन भतर होती जा रही है ,तो क्या यही कार्यप्रणाली है जन स्वास्थ विभाग की ?
स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि जल निकासी व्यवस्था को तुरंत दुरुस्त किया जाए, नालियों की नियमित सफाई हो और जलभराव वाले क्षेत्रों की पहचान कर वहां स्थायी समाधान निकाला जाए, वरना आने वाले दिनों में स्थिति और भी गंभीर हो सकती है जिसका अंदाजा लगाना भी मुश्किल है।