सिरसा जिले में डेंगू के 67 केस मिले, लगातार बढ़ रहा आंकड़ा

जिला रिपोर्टर रितेश गर्ग

(सिरसा,हरियाणा):- सिरसा। जिले में डेंगू व मलेरिया के केसों का आंकड़ा लगातार बढ़ रहा है। डेंगू के अब तक 67 मामले सामने आ चुके हैं। इनमें से 57 मरीजों को इलाज के बाद घर भेज दिया गया तो वहीं 10 मरीजों का नागरिक अस्पताल में इलाज चल रहा है। जिले में बढ़ते मामलों पर स्वास्थ्य विभाग की टीमें दवा के छिड़काव व फाॅगिंग के साथ जागरूक करने में लगी हैं।


लारवा मिलने पर घरों के मालिकों को नोटिस भी दिए जा रहे हैं। डेंगू व मलेरिया से बचाव के लिए स्वास्थ्य टीमों के गांव के मौअजिज लोगों को साथ लेकर जागरूक किया जा रहा है। इस बार डेंगू हिस्ट्री के अनुसार मरीज को डेंगू होने के बाद इलाज के 8 से 10 दिन में ठीक हो रहे हैं। डेंगू इतना खतरनाक नहीं है, लेकिन बचाव के साथ परहेज भी जरूरी है। इसी कड़ी में मलेरिया के भी 11 के करीब मरीज आए हैं जिनमें से सभी मरीज इलाज के बाद ठीक होकर घर जा चुके हैं। 

इस सीजन में 1100 नोटिस हो चुके जारी

स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के अनुसार अब तक इस सीजन में 1250 के करीब लोगों को लारवा मिलने और अनियमितताएं बरतने पर नोटिस जारी किए गए हैं। घरों के आसपास क्षेत्र व घरों में रखे सामान में साफ सफाई व पानी जमा होने से मच्छरों का लारवा मिलने पर नोटिस जारी किए जाते हैं। क्योंकि मच्छरों के लारवा से ही डेंगू व मलेरिया जैसी बीमारियां फैलने की संभावना बनी रहती है। इनसे निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग के मलेरियां विभाग की टीमें लगातार शहर और गावों में जागरूकता के साथ एंटी लारवा के लिए छिड़काव किया जा रहा है। इससे रिहायशी एरिया में बीमारियों को पनपने को रोका जा सकता है।
----
जिले में स्वास्थ्य विभाग की ओर से डेंगू को रोकने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। जिन इलाकों में मरीज मिल रहे हैं विभाग की ओर से नियमित रूप से दवा का छिड़काव और फॉगिंग करवा रहा है। जो मरीज पॉजिटिव पाए गए हैं उनका बेहतर सुविधाओं से इलाज किया जा रहा है। - डाॅ. गौरव अरोड़ा, जिला मलेरिया रोग रोकथाम अधिकारी, सिरसा।