पार्षद नीतू सोनी ने बिजली व्यवस्था पर जताई चिंता

जिला रिपोर्टर रितेश गर्ग 

 

सीएम, बिजली मंत्री से समाधान की गुहार की

कहा, टूटे मीटर बॉक्स जल्द हो दुरुस्त, स्टाफ की कमी हो पूरी

सिरसा, 28 नवंबर। वार्ड नंबर 19 की नगर पार्षद नीतू सोनी ने मुख्यमंत्री के अलावा बिजली मंत्री अनिल विज से सिरसा में निगम में कर्मचारियों की कमी पूरी करने की मांग की है।

गुरुवार को जारी बयान में पार्षद नीतू सोनी ने कहा कि सिरसा शहर में करीब 70 हजार से अधिक बिजली उपभोक्ता हैं लेकिन उसके अनुपात में लाइन स्टाफ बेहद कम है। सर्दी व गर्मी का पीक सीजन होने के दौरान हर रोज कहीं न कहीं लाइन ट्रिप कर जाती है या फिर ट्रांसफार्मर फ्यूज उड़ जाते हैं। शिकायत करने के लिए भी काफी मशक्कत का सामना करना पड़ता है। शिकायत केंद्र पर कर्मचारियों की संख्या कम होने के कारण भी लोगों को काफी परेशानी झेलनी पड़ती है।

नीतू सोनी ने बताया कि उनके वार्ड की विभिन्न गलियों में बिजली पोल पर लगे मीटर बॉक्स जर्जरावस्था में हैं। बिजली निगम को काफी बार शिकायत करने के बाद भी आज तक समस्या ज्यों की त्यों बनी हुई है। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार द्वारा चलाए गए समाधान शिविर में भी लिखित शिकायत दी गई थी, परंतु आज तक मीटर बॉक्स जर्जर हालात में ही हैं। पार्षद नीतू सोनी ने कहा कि उपभोक्ताओं की बढ़ती संख्या के लिहाज से शहर में शिकायत केंद्रों की संख्या भी कम है, ऐसे में अतिरिक्त शिकायत केंद्रों की संख्या भी बढ़ाई जानी चाहिए ताकि आमजन को निर्बाध रूप से बिजली आपूर्ति हो सके।