रानियां में अंबेडकर भवन निर्माण में देरी पर एक्शन:नगरपालिका सचिव से मिले समिति पदाधिकारी, लाइब्रेरी बनाने की मांग

जिला रिपोर्टर रितेश गर्ग 

(सिरसा , हरियाणा) :-सिरसा जिले के रानियां में बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर सभा एवं शिक्षा समिति के पदाधिकारियों ने नगरपालिका सचिव को ज्ञापन सौंपा है। समिति ने वार्ड नंबर 15 में निर्माणाधीन डॉ. भीमराव अंबेडकर भवन के कार्य में तेजी लाने की मांग की है। समिति के सदस्यों ने बताया कि भवन का निर्माण कार्य बहुत धीमी गति से चल रहा है।

शिक्षा समिति इकाई को सौंपा जाए भवन

उन्होंने मांग की है कि भवन का निर्माण पूरा होने के बाद इसे बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर सभा एवं शिक्षा समिति इकाई रानियां को सौंपा जाए। समिति भवन में शहर के बेरोजगार युवाओं के लिए लाइब्रेरी की व्यवस्था करना चाहती है। इस मौके पर समिति के धर्मपाल निशांत, जेई महेंद्र कुमार, साहिल सरोहा, सोमपाल, मेजर सिंह, राज सिंह नानुआना, महेंद्र सिंह और भोलाराम सहित कई पदाधिकारी मौजूद थे।

समिति ने एक और मांग रखी है कि हाउस मीटिंग में बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर चौक के निर्माण का प्रस्ताव रखा जाए। यह ज्ञापन नगरपालिका सचिव विक्रमजीत के माध्यम से सरकार को भेजा गया है।