थाना शहर रतिया पुलिस की कार्रवाई, मोबाइल फोन छीनने के मामले में दो आरोपी काबू

सम्पादक रितेश गर्ग (फतेहाबाद ,हरियाणा):-  रतिया । थाना शहर रतिया पुलिस ने ट्रक यूनियन क्षेत्र में एक व्यक्ति से मोबाइल फोन छीनने के मामले में कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को काबू किया है। आरोपियों की पहचान राजपाल उर्फ राज पुत्र लालाराम तथा अजय कुमार उर्फ दीप पुत्र राजकुमार, दोनों निवासी जल्लोपुर के रूप में हुई है। आरोपियो के माननीय न्यायलय में पेश किया जायेगा।
थाना शहर रतिया प्रभारी निरीक्षक बिजेन्द्र हुड्डा ने बताया कि हनीफ खान निवासी सुनाम रोड कैंचियां, मानसा ने शिकायत दी कि वह गाड़ियों की डेकोरेशन का सामान बेचने का काम करता है। 05 सितंबर को वह अपने भाई साहिल खान के साथ सामान बेचने के लिए ट्रक यूनियन रतिया आया हुआ था। जब दोनों पैदल जा रहे थे तो पीछे से बिना नंबर की काले रंग की मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक उनके पास आए और बाहर जाने का रास्ता पूछने के बहाने उन्हें रोक लिया। शिकायतकर्ता के अनुसार मोटरसाइकिल के पीछे बैठे युवक ने उसके हाथ से मोबाइल फोन छीन लिया और दोनों मौके से फरार हो गए। 
शिकायत के आधार पर थाना शहर रतिया में मुकदमा नम्बर 193 दिनांक 06.09.2026 धारा 304(1),3(5) बीएनएस के तहत दर्ज कर जांच शुरू की थी।
मामले में कार्रवाई को आगे बढ़ाते हुए पुलिस टीम ने राजपाल उर्फ राज तथा अजय कुमार उर्फ दीप को काबू कर लिया है। मामले की गहनता से जांच जारी है।