माइसर खाना मंदिर पर कब्ज़े के प्रयास की भाजपा ने की कड़ी निंदा

जिला रिपोर्टर रितेश गर्ग

(सिरसा,हरियाणा):- ऐतिहासिक माइसर खाना मंदिर पर स्थानीय विधायक सुखबीर माइसर खाना के भाई द्वारा अपने करीब 150 समर्थकों के साथ कब्ज़ा करने के प्रयास की घटना ने इलाके में रोष का माहौल पैदा कर दिया है। इस घटना की भारतीय जनता पार्टी ने तीखी निंदा की है। भाजपा मंडल महामंत्री महेश कुमार आजाद ने कहा कि यह कदम न केवल हिन्दू समाज की आस्था पर गहरी चोट है बल्कि सर्व समाज की धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाला है। उन्होंने कहा कि यह प्राचीन मंदिर पूरे क्षेत्र की आस्था का केंद्र है, जहां सभी समाजों के लोग श्रद्धा से दर्शन करने आते हैं।

आजाद ने मुख्यमंत्री भगवंत मान से मांग की है कि इस घटना के दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और उस विधायक पर भी एक्शन लिया जाए जिसकी शह पर यह निंदनीय प्रयास हुआ। उन्होंने कहा कि धार्मिक स्थलों पर राजनीति और दबाव की संस्कृति बर्दाश्त नहीं की जाएगी। स्थानीय लोगों ने भी इस घटना पर आक्रोश जताया और प्रशासन से मांग की कि मंदिर की सुरक्षा बढ़ाई जाए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों। माइसर खाना मंदिर की गिनती प्रदेश के प्राचीन धार्मिक स्थलों में होती है, जहां दूर-दूर से श्रद्धालु दर्शन करने आते हैं।