पर्यावरण संतुलित रहेगा तभी मानव जीवन सुरक्षित रहेगा : डॉ. पवन कुमार

जिला पत्रकार रितेश गर्ग (सिरसा हरियाणा):-सिरसा, 06 जून। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर नागरिक अस्पताल में पर्यावरण संरक्षण को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान अस्पताल में आने वाले बच्चों एवं आमजन को सीड बॉल (बीज गेंद) वितरित कर अधिक से अधिक पौधे लगाने का संदेश दिया गया। 

सिविल सर्जन डॉ. पवन कुमार ने कहा कि पर्यावरण हमारे जीवन का आधार है। वायु, जल, भूमि, पेड़-पौधे, पशु-पक्षी तथा प्राकृतिक संसाधन मिलकर पर्यावरण का निर्माण करते हैं। यदि पर्यावरण स्वच्छ एवं संतुलित रहेगा तभी मानव जीवन सुरक्षित, स्वस्थ और समृद्ध रह सकेगा। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को पर्यावरण संरक्षण की दिशा में अपना योगदान देना चाहिए।


प्रधान चिकित्सा अधिकारी डॉ. आर.के. दहिया ने बताया कि इस वर्ष विश्व पर्यावरण दिवस का मुख्य विषय क्लाइमेट एक्शन (जलवायु कार्रवाई) है, जो लोगों को कार्बन उत्सर्जन कम करने तथा जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए प्रेरित करता है। कार्यक्रम के तहत पर्यावरण संरक्षण गतिविधि टोली के सहयोग से नागरिक अस्पताल में चिकित्सकों, कर्मचारियों और आमजन को सीड बॉल वितरित किए गए। जिला टोली से संजीव काटपाल, मित्रसेन, विनोद, आलोक, कृष्ण लाल सुथार तथा कविता सिहाग ने सक्रिय भागीदारी निभाई।


नोडल अधिकारी डॉ. अभिजीत ने बताया कि सीड बॉल वितरण अभियान के तहत सभी स्वास्थ्य संस्थानों, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, गुरुद्वारों तथा नागरिक अस्पताल में लोगों को पौधों के बीज वितरित किए गए हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले वर्षा ऋतु में इन बीजों से पौधे विकसित होंगे और सिरसा को अधिक हरा-भरा बनाने में सहायता मिलेगी। जिला काउंसलर कमल कक्कड़ ने बताया कि नागरिक अस्पताल और पर्यावरण संरक्षण गतिविधि संस्था के संयुक्त प्रयास से 100 से अधिक लोगों तथा अस्पताल के अधिकारियों को सीड बॉल वितरित किए गए। उन्होंने कहा कि यह प्रयोग विदेशों में भी सफलतापूर्वक अपनाया जा रहा है और इसके सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। सिविल सर्जन ने पर्यावरण संरक्षण गतिविधि टोली के सदस्यों ऐसे जनहित एवं पर्यावरण संरक्षण संबंधी कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया