32 वर्ष की सेवा के बाद प्रधानाचार्य मूलचंद बंसल सेवानिवृत्त, विद्यालय में भावुक विदाई समारोह,राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय जोधकां में प्रधानाचार्य मूलचंद बंसल को गरिमामय विदाई
सहायक संपादक रितेश गर्ग
(सिरसा,हरियाणा):-सिरसा ।राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय जोधकां में प्रधानाचार्य मूलचंद बंसल की सेवानिवृत्ति के अवसर पर गरिमामय विदाई समारोह का आयोजन किया गया। प्रधानाचार्य मूलचंद बंसल लगभग 32 वर्ष 4 माह की राजकीय सेवा के बाद जब वे सेवानिवृत्त हुए, तो विद्यालय परिसर भावुक वातावरण से भर गया। शिक्षक, विद्यार्थी, अभिभावक और ग्रामीण इस अवसर पर बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
समारोह में खंड शिक्षा अधिकारी सतवीर सिंह ढिढारिया तथा ग्राम सरपंच आनंद स्वरूप ने प्रधानाचार्य बंसल के कार्यकाल की सराहना करते हुए कहा कि उनका समय विद्यालय के लिए स्वर्णिम युग के समान रहा। उनके कुशल नेतृत्व में विद्यालय भवन का कायाकल्प हुआ और बोर्ड परीक्षाओं के परिणामों में विद्यालय ने जिला स्तर पर विशिष्ट पहचान बनाई। उन्होंने अनुशासन, गुणवत्ता और विकास को सदैव प्राथमिकता दी।
विद्यालय के शिक्षकों ने प्रधानाचार्य मूलचंद बंसल को एक कुशल प्रशासक, दूरदर्शी नेतृत्वकर्ता और विद्यार्थियों का सच्चा मार्गदर्शक बताया। विद्यार्थियों ने भी अपने प्रिय गुरु के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करते हुए भावुक विदाई दी।
इस अवसर पर ग्रामीणों एवं विद्यालय स्टाफ द्वारा प्रधानाचार्य बंसल को स्मृति-चिह्न, शॉल और पारंपरिक पगड़ी भेंट कर सम्मानित किया गया। समारोह में छत्रपाल गिरी, सतपाल गिरी, सुशील गिरी, दुष्यंत गिरी, उम्मेद गिरी, जितेंद्र गिरी, राजेश गिरी, प्रवक्ता सुभाष चंद्र पारीक, सुरेंद्र कुमार खींची, एसएमसी प्रधान राकेश कुमार जांगू सहित अनेक प्रधानाचार्य, शिक्षक, कर्मचारी एवं विद्यालय स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।
प्रधानाचार्य मूलचंद बंसल ने सभी अतिथियों, स्टाफ और ग्राम वासियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि विद्यालय के विकास में उन्हें सदैव शिक्षकों, कर्मचारियों और गांव का पूरा सहयोग मिला। साथ ही उन्होंने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
उल्लेखनीय है कि प्रधानाचार्य मूलचंद बंसल की पहली नियुक्ति सितंबर 1993 में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय जमाल में गणित अध्यापक के रूप में हुई थी। वर्ष 2013 में वे मौलिक मुख्य अध्यापक, 2021 में मुख्य अध्यापक और 2024 में प्राचार्य पद पर पदोन्नत हुए। नवंबर 2024 में उन्होंने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय जमाल में प्रधानाचार्य के रूप में कार्यभार ग्रहण किया। 31 जनवरी 2026 को वे राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय से प्रधानाचार्य पद से सेवानिवृत्त हुए।