डीआरओ संजय कुमार ने समाधान शिविर में सुनी जनसमस्याएं

जिला पत्रकार रितेश गर्ग

(सिरसा हरियाणा):-सिरसा । स्थानीय लघु सचिवालय के सभागार में सोमवार को समाधान शिविर का आयोजन किया गया, जहां डीआरओ संजय कुमार ने लोगों की समस्याएं सुनीं। इसके अलावा उपमंडल स्तर पर भी समाधान शिविरों का आयोजन किया गया। गौरतलब है कि हरियाणा सरकार के निर्देशानुसार आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से जिला एवं उपमंडल स्तर पर प्रत्येक सोमवार और वीरवार को सुबह 10 से 12 बजे तक समाधान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।
डीआरओ संजय कुमार ने उपस्थित विभागों को निर्देश दिए कि विभागाध्यक्ष शिकायतों के निपटान में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतें और लोगों को सरकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ पहुंचाने के लिए गंभीरता से कार्य करें। इसके अलावा अपने कार्यालयों में आने वाली समस्याओं को भी तत्परता से निवारण करें। प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध और प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि आमजन को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न काटने पड़ें और उन्हें एक ही स्थान पर राहत मिले, यही समाधान शिविर का मुख्य उद्देश्य है। सरकार का उद्देश्य है कि आमजन की समस्याओं का त्वरित और पारदर्शी समाधान हो।