गांव पन्नीवाला मोटा में ग्रामीणों को दी सरकार की योजनाओं की जानकारी

जिला पत्रकार रितेश गर्ग

(सिरसा हरियाणा):-सिरसा । जिला सूचना एवं जनसंपर्क विभाग की भजन पार्टियों द्वारा गांवों में पहुंच कर आमजन को जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में जागरूक किया जा रहा है। इसी कड़ी में लीडर भजन पार्टी लाला राम व जुगती राम ने गांव पन्नीवाला मोटा में जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी।
भजन पार्टी कलाकारों ने ग्रामीणों को बताया कि जनगणना 2027 के तहत स्व-गणना प्रक्रिया शुरू हो गई है, जिसमें नागरिक घर बैठे ही अपने मोबाइल या लैपटॉप के माध्यम से अपना विवरण दर्ज कर सकेंगे। स्व-गणना प्रक्रिया 30 अप्रैल तक चलेगी। पूर्ण विवरण भरने के बाद एक यूनिक आईडी जनरेट होगी, जब घर पर प्रगणक आए तब उन्हें यह आईडी बताने पर आपका डाटा स्वयं ही दिखाई देगा। स्व-गणना प्रक्रिया न केवल सरल माध्यम है बल्कि नागरिक द्वारा डाटा स्वयं भरे जाने पर पारदर्शिता के साथ-साथ नागरिक सटीक जानकारी उपलब्ध होगी।
साथ ही कलाकारों ने ग्रामीणों को प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, मेरी फसल-मेरा ब्यौरा पोर्टल, अंत्योदय परिवार उत्थान योजना हरियाणा, आपकी बेटी-हमारी बेटी योजना, वृद्धावस्था पेंशन योजना, कृषि यंत्र अनुदान योजना, सक्षम हरियाणा योजना, लाडली योजना, दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना, प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना आदि योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी। इसके अलावा उन्होंने पौधारोपण, पर्यावरण संरक्षण व जल संरक्षण के लिए आमजन को जागरूक किया। उन्होंने आमजन से अपील की कि वे अधिक से अधिक पौधारोपण करें तथा उनका ध्यान भी रखें। भजन मंडली ने ग्रामीणों को पारंपरिक शैली में गीतों, रागनियों व भजनों के माध्यम से सरकार द्वारा चलाई जा रही जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में प्रचार-प्रसार किया।