नशामुक्त हिसार की ओर बढ़ते कदम: नशा मुक्ति टीम ने गांव-गांव पहुंचकर जगाई जागरूकता, 12 नशा पीड़ितों को दिलाया उपचार

स्टेट हेड रितेश गर्ग (हिसार हरियाणा):- हिसार, 06 जून । आई.जी.पी. हिसार मंडल, हिसार के मार्गदर्शन एवं एसएसपी हिसार के सफल नेतृत्व में चलाए जा रहे नशा मुक्ति अभियान के तहत जिला नशा मुक्ति टीम हिसार द्वारा थाना आदमपुर क्षेत्र के गांव आदमपुर तथा थाना अग्रोहा क्षेत्र के गांव खासा महाजन में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान गांव आदमपुर स्थित श्री गुरु जंभेश्वर मंदिर में आयोजित संस्कार शिविर में लगभग 200 आमजन की उपस्थिति में नशे के दुष्प्रभावों के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। वहीं गांव खासा महाजन के पुस्तकालय में विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में लगभग 80 बच्चों, युवाओं एवं ग्रामीणों को नशे से दूर रहने, शिक्षा एवं खेलों की ओर ध्यान देने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। नशा मुक्ति टीम ने ग्रामीणों, नशा पीड़ितों एवं उनके परिजनों से संवाद स्थापित कर नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं आर्थिक नुकसान के बारे में विस्तार से जागरूक किया। साथ ही नशा तस्करों की गतिविधियों के संबंध में भी जानकारी एकत्रित की गई तथा आमजन से ऐसे तत्वों की सूचना पुलिस को देने की अपील की गई।
अभियान के दौरान जिला हिसार में 2 नए नशा पीड़ितों की पहचान कर व एक नशा पीड़ित को पहली बार सरकारी अस्पताल हिसार से उपचार एवं दवाई उपलब्ध करवाई गई। इसके अतिरिक्त नशा मुक्ति टीम द्वारा 6 नशा पीड़ितों के घर जाकर आयुर्वेदिक एवं होम्योपैथिक दवाइयां उपलब्ध करवाई गईं तथा उनकी काउंसलिंग की गई। वहीं 5 नशा पीड़ितों को दूसरी बार सरकारी अस्पताल हिसार से दवाई दिलवाई गई तथा 3 नशा पीड़ितों को उपचार हेतु सरकारी अस्पताल में दाखिल करवाया गया। इस प्रकार आज कुल 12 नशा पीड़ितों को सरकारी अस्पताल एवं घर-घर जाकर उपचार एवं परामर्श उपलब्ध कराया गया।
नशा मुक्ति टीम ने ग्रामीणों से अपील की कि वे नशा मुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय सहयोग दें तथा अपने बच्चों और युवाओं को नशे की बुराइयों से बचाकर शिक्षा, खेल और सकारात्मक गतिविधियों की ओर प्रेरित करें। टीम ने कहा कि समाज और पुलिस के संयुक्त प्रयासों से ही नशा मुक्त, स्वस्थ एवं सुरक्षित हिसार का सपना साकार किया जा सकता है। "नशे से दूरी ही जीवन की सबसे बड़ी मजबूरी नहीं, बल्कि सबसे बड़ी समझदारी है। आइए, मिलकर नशामुक्त हिसार के निर्माण में अपना योगदान दें।"