कर्तव्यनिष्ठा और सेवाभाव का मिला सम्मान, दो मुख्य सिपाही बने सहायक उपनिरीक्षक

एसपी जसलीन कौर, आईपीएस ने राजपाल सिंह और नरेश कुमार के कंधों पर स्टार लगाकर दी पदोन्नति की शुभकामनाएं

संपादक रितेश गर्ग (डबवाली,हरियाणा):- डबवाली। डबवाली पुलिस परिवार के लिए गौरवपूर्ण अवसर रहा, जब दो मुख्य सिपाहियों को सहायक उपनिरीक्षक (एएसआई) के पद पर पदोन्नति मिली। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक जसलीन कौर, आईपीएस ने दोनों पुलिसकर्मियों के कंधों पर स्टार लगाकर उन्हें बधाई दी तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि पदोन्नत होने वालों में एसडीएम डबवाली के गनमैन के तौर पर तैनात मुख्य सिपाही राजपाल सिंह तथा पुलिस अधीक्षक कार्यालय की प्रवाचक शाखा में तैनात मुख्य सिपाही नरेश कुमार शामिल हैं।
इस अवसर पर एसपी जसलीन कौर ने कहा कि पदोन्नति केवल सम्मान नहीं, बल्कि बढ़ी हुई जिम्मेदारियों और कर्तव्यों का प्रतीक भी है। उन्होंने दोनों नवपदोन्नत अधिकारियों से अपेक्षा जताई कि वे अपनी सेवाओं में मेहनत, निष्ठा, अनुशासन और ईमानदारी को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पहले से अधिक समर्पण के साथ कार्य करेंगे।
उन्होंने कहा कि पुलिस सेवा समाज के प्रति उत्तरदायित्व निभाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। प्रत्येक पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी को आमजन के साथ मैत्रीपूर्ण व्यवहार रखते हुए सहयोग और विश्वास का वातावरण स्थापित करना चाहिए, ताकि पुलिस की सकारात्मक एवं संवेदनशील छवि और मजबूत हो सके।
एसपी ने कहा कि पदोन्नति के साथ नई चुनौतियां और जिम्मेदारियां भी आती हैं। इन्हें अवसर मानकर स्वीकार करना और पूरी कर्तव्यनिष्ठा से उनका निर्वहन करना ही एक अच्छे पुलिसकर्मी की पहचान है।
इस अवसर पर पुलिस कार्यालय के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी दोनों पदोन्नत अधिकारियों को शुभकामनाएं दीं और उन्होंने मिठाई बांटकर अपनी खुशी साझा की व सभी का आभार व्यक्त किया ।