नशा तस्करों के संदिग्ध ठिकानों पर डबवाली पुलिस का बड़ा सर्च ऑपरेशन- शहर डबवाली, कालांवाली, सदर व ओढ़ा थाना क्षेत्र में 10 स्थानों पर एक साथ दबिश, संदिग्धों से पूछताछ कर जुटाई अहम जानकारियां
संपादक रितेश गर्ग (डबवाली,हरियाणा):- डबवाली। पुलिस अधीक्षक जसलीन कौर, आईपीएस के दिशा-निर्देशानुसार डबवाली पुलिस द्वारा नशा तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान लगातार चलाया जा रहा है । इसी कड़ी में पुलिस की विभिन्न टीमों ने नशा तस्करों के संदिग्ध ठिकानों को चिन्हित कर मंडी डबवाली, कालांवाली, तख्तमल, रिसालिया खेड़ा व नुहियांवाली में एक साथ 10 स्थानों पर दबिश दी ।
इस कार्रवाई में थाना कालांवाली व सीआईए कालांवाली, थाना शहर डबवाली व स्वैट टीम डबवाली, थाना सदर डबवाली व सीआईए डबवाली तथा थाना औढ़ा व एएनसी स्टाफ डबवाली की टीमें शामिल रहीं। पुलिस टीमों ने चिन्हित स्थानों पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की तथा संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ कर उनकी गतिविधियों के संबंध में जानकारी जुटाई।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य नशा तस्करी में संलिप्त लोगों पर शिकंजा कसना, अवैध कारोबार से जुड़े नेटवर्क की जानकारी जुटाना तथा असामाजिक तत्वों में कानून का भय स्थापित करना है। डबवाली पुलिस द्वारा नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई के साथ-साथ नशा पीड़ितों को उपचार एवं पुनर्वास के माध्यम से समाज की मुख्यधारा से जोड़ने पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
डबवाली पुलिस ने आमजन से अपील की है कि नशा तस्करी या किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मानस पोर्टल https://ncbmanas.gov.in/, हेल्पलाइन नंबर 1933 अथवा डबवाली पुलिस के मोबाइल नंबर 9138999748 या अपनी नजदीकी थाना-चौकी में दें। सूचना देने वाले की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी।
डबवाली पुलिस का स्पष्ट संदेश है कि नशा तस्करों के लिए डबवाली में कोई जगह नहीं है। नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और प्रत्येक सूचना पर गंभीरता से कार्रवाई की जाएगी।