अवैध विस्फोटक सामग्री के भंडारण पर डबवाली पुलिस की पांच दिनों में तीसरी बड़ी कार्रवाई, 149 पैकेट पटाखे बरामद
संपादक रितेश गर्ग (डबवाली,हरियाणा):-डबवाली। पुलिस अधीक्षक जसलीन कौर, आईपीएस के दिशा-निर्देशानुसार डबवाली पुलिस द्वारा अवैध रूप से पटाखों एवं विस्फोटक सामग्री का भंडारण करने वालों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में पुलिस ने पिछले पांच दिनों के दौरान मंडी डबवाली में तीसरी बड़ी कार्रवाई करते हुए 149 पैकेट आतिशबाजी एवं विभिन्न प्रकार के पटाखे बरामद किए हैं। बरामद सामग्री का कुल वजन 27 किलो 95 ग्राम है। इनमें आतिशबाजी, बुलेट बम, अनार बम तथा मुर्गा छाप पटाखे शामिल हैं।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि इस दौरान सीआईए स्टाफ डबवाली टीम ने एएसआई बेअन्त सिंह के नेतृत्व में कार्रवाई करते हुए मंडी डबवाली में किरयाणा स्टोर पर दबिश दी । जहां से उपरोक्त पटाखे व विस्फोटक सामग्री को बरामद किया गया । बरामद सामग्री के संबंध में आरोपी विकास कुमार उर्फ लवली से लाइसेंस एवं परमिट प्रस्तुत करने को कहा गया, लेकिन वह कोई वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने नियमानुसार उक्त विस्फोटक सामग्री को कब्जे में लेकर उसका वजन किया, जो गत्ते के कार्टून एवं प्लास्टिक कट्टे सहित कुल 27 किलो 95 ग्राम पाया गया।
पिछले पांच दिनों में डबवाली पुलिस की तीन बड़ी कार्रवाइयां
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि डबवाली पुलिस द्वारा अवैध पटाखों के भंडारण के खिलाफ इससे पहले भी दो बड़ी कार्रवाइयां की जा चुकी हैं। पहली कार्रवाई 29 अक्टूबर को मंडी डबवाली के वार्ड नंबर 4 में की गई थी, जहां एक मकान से 477 पैकेट पटाखे एवं आतिशबाजी तथा 18 किलो 200 ग्राम पोटाश सहित कुल 96 किलो 200 ग्राम विस्फोटक सामग्री बरामद की गई थी।
इसके बाद 1 नवंबर मंडी डबवाली में कार्रवाई करते हुए गुलशन कुमार के कब्जे से 34 पैकेट पटाखे एवं आतिशबाजी बरामद की गई थी, जिनका पैकिंग सहित कुल वजन 1 क्विंटल 19 किलोग्राम 310 ग्राम था।
इस प्रकार डबवाली पुलिस द्वारा पांच दिनों के भीतर तीन अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए कुल 660 पैकेट पटाखे एवं आतिशबाजी तथा अन्य विस्फोटक सामग्री बरामद की गई है, जिसका कुल वजन 2 क्विंटल 42 किलोग्राम 605 ग्राम है।
डबवाली पुलिस आमजन की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए अवैध विस्फोटक सामग्री के भंडारण एवं बिक्री पर लगातार निगरानी रख रही है। पुलिस अधीक्षक जसलीन कौर ने स्पष्ट किया है कि बिना वैध लाइसेंस एवं परमिट के पटाखों और विस्फोटक सामग्री का भंडारण करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस ने आमजन से भी अपील की है कि अपने आसपास कहीं भी अवैध रूप से पटाखों अथवा विस्फोटक सामग्री का भंडारण दिखाई देने पर तुरंत पुलिस को सूचना दें।