पटाखों के अवैध भंडारण के खिलाफ एएनसी फतेहाबाद की कार्रवाई, 168 किलोग्राम पटाखों सहित एक आरोपी काबू
भूना क्षेत्र में एएनसी टीम की कार्रवाई, वार्ड नंबर 1 निवासी प्रवीण के कब्जे से भारी मात्रा में पटाखे बरामद
संपादक रितेश गर्ग (फतेहाबाद,हरियाणा):- भूना। दीपावली पर्व के मद्देनजर पटाखों के अवैध भंडारण एवं बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए फतेहाबाद पुलिस द्वारा कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में एंटी नारकोटिक्स सेल (एएनसी) फतेहाबाद की टीम ने भूना क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को 168 किलोग्राम पटाखों सहित काबू किया है। आरोपी की पहचान प्रवीण पुत्र दिनेश निवासी वार्ड नंबर 1, भगत सिंह पार्क के नजदीक, भूना, जिला फतेहाबाद के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ विस्फोटक अधिनियम (Explosives Act) के तहत नियमानुसार आगामी कार्रवाई की जा रही है।
एएनसी फतेहाबाद प्रभारी उपनिरीक्षक वेदपाल ने बताया कि एएसआई भूपेंद्र सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने भूना क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए आरोपी प्रवीण के कब्जे से कुल 168 किलोग्राम पटाखे बरामद किए। बरामदगी के संबंध में आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।उन्होंने बताया कि आरोपी के विरुद्ध विस्फोटक अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है। इस संबंध में थाना भूना में नियमानुसार आगामी कार्रवाई की जा रही है।
फतेहाबाद पुलिस ने आमजन एवं पटाखा विक्रेताओं से अपील की है कि पटाखों के भंडारण और बिक्री से संबंधित निर्धारित नियमों एवं सुरक्षा मानकों का पालन करें। बिना आवश्यक अनुमति अथवा नियमों का उल्लंघन कर पटाखों का भंडारण या बिक्री करना जनसुरक्षा के लिए गंभीर खतरा पैदा कर सकता है। ऐसे मामलों में पुलिस द्वारा कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।